मां के साथ जमीन पर सो रही थी सातवीं कक्षा की छात्रा, सिम्स पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
बिलासपुर। जिले में बारिश के साथ सर्पदंश की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। इसी बीच चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम कड़ार में जहरीले सांप के डसने से सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली 12 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। घटना सोमवार रात की है। छात्रा अपनी मां के साथ घर में जमीन पर बिस्तर लगाकर सो रही थी। इसी दौरान बिस्तर में पहुंचे सांप ने उसे डस लिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम कड़ार निवासी शनि कुमार सूर्यवंशी की 12 वर्षीय बेटी अनु कुमारी सातवीं कक्षा की छात्रा थी। सोमवार रात वह अपनी मां के साथ जमीन पर सो रही थी। इसी दौरान अचानक बिस्तर में सांप पहुंच गया और उसने अनु को डस लिया। सर्पदंश का अहसास होते ही छात्रा ने अपनी मां को इसकी जानकारी दी।
घटना के बाद परिजन तत्काल उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी में जुट गए। इसी बीच छात्रा की हालत तेजी से बिगड़ने लगी। परिजन गंभीर हालत में अनु को सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना सिम्स प्रबंधन की ओर से पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। बारिश के मौसम में बढ़ी सर्पदंश की घटनाओं के बीच 12 वर्षीय छात्रा की मौत से गांव में शोक का माहौल है।

