लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी और छुरी से लैस होकर टूट पड़े आरोपी, 13 गिरफ्तार; एक नाबालिग भी विधि से संघर्षरत
बिलासपुर/मस्तूरी। मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम गतौरा में गणेश पंडाल में बाजा बजाने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद के दौरान एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी, छुरी, फरसा और राफ्टर से हमला कर दिया। हमले में शैलेष कुमार राठौर उर्फ राज की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद मस्तूरी पुलिस और एसीसीयू की टीम ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के अनुसार घटना 20 सितंबर की रात करीब 10.30 बजे गणेश पंडाल के पास हुई। पंडाल के समीप अचानक विवाद और मारपीट की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे। आरोप है कि बोधीराम राठौर सहित अन्य आरोपियों ने एक राय होकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और लाठी-डंडे समेत धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
हमले में व्यास नारायण, रवि राठौर, विकास उर्फ लक्की, विक्रम राठौर और शैलेष राठौर सहित कई लोग घायल हुए। घायलों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल बिलासपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने शैलेष राठौर को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है।

(पुलिस ने रातभर चलाया अभियान )
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मस्तूरी पुलिस और एसीसीयू की टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर डंडा, लोहे की छुरी और लोहे की कुल्हाड़ी बरामद की गई है।
पुलिस ने बोधीराम राठौर (75), संतोष राठौर (47), दिलीप राठौर (45), दीपक राठौर (42), आकाश राठौर (19), शंकर उर्फ नंदू राठौर (33), आकाश उर्फ मोनू राठौर (19), सूरज राठौर (40), रोहित राठौर (36), सुनील उर्फ राजा राठौर (28), प्रकाश उर्फ लालू राठौर (23), रवि राठौर (25) और आयुष राठौर (21) को गिरफ्तार किया है। एक नाबालिग भी विधि से संघर्षरत बालक के रूप में कार्रवाई के दायरे में है।
सभी आरोपियों को 21 सितंबर को गिरफ्तार कर 22 सितंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में थाना मस्तूरी में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना जारी है।

