एक युवक की मौत, पिता और बड़ा भाई गंभीर; पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम गतौरा में रविवार देर रात बिदर त्योहार के दौरान दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। लाठी-डंडों से हुए हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके पिता और बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार गतौरा के वार्ड क्रमांक 19 स्थित जनक पहरी पारा में रविवार को बिदर त्योहार का आयोजन चल रहा था। रात करीब 11 बजे किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष के लोगों ने व्यासनारायण राठौर (60), उनके बड़े बेटे रवि कुमार राठौर (36) और छोटे बेटे शैलेश कुमार राठौर (30) पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और तीनों को उपचार के लिए सिम्स बिलासपुर लेकर आए। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद शैलेश कुमार राठौर को मृत घोषित कर दिया। वहीं व्यासनारायण राठौर और रवि कुमार राठौर का उपचार जारी है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।



👉आला अधिकारी पहुंचे मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही सोमवार को पुलिस के आला अधिकारी घटनास्थल पहुंचे। एडिशनल एसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह, एसडीओपी सुदीप सरकार और मस्तूरी थाना प्रभारी कपिल देव चंद्रा पुलिस बल के साथ गतौरा पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने विवाद के कारणों और हमले में शामिल लोगों को लेकर जांच शुरू कर दी है।

