पचरी घाट और छठ घाट में होगा प्रतिमाओं का विसर्जन, जुलूस वाले मार्गों पर प्रवेश प्रतिबंधित
बिलासपुर। गणेश विसर्जन के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने रूट प्लान और ट्रैफिक गाइडलाइन जारी की है। शहर में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए पचरी घाट हैप्पी स्ट्रीट और छठ घाट सरकंडा को निर्धारित किया गया है। जुलूस और शोभायात्रा के दौरान प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए कई स्थानों पर मार्ग परिवर्तित किए जाएंगे और वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यातायात पुलिस के अनुसार सरकंडा, मोपका सहित आसपास के क्षेत्रों से निकलने वाले जुलूस एवं झांकियां छठ घाट की ओर जाएंगी। वहीं कोतवाली, सिविल लाइन, तोरवा, तिफरा सहित शहरी क्षेत्र से आने वाली गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन पचरी घाट में किया जाएगा।
👉इन मार्गों से निकलेंगी शोभायात्राएं
गणेश विसर्जन के लिए देवकीनंदन चौक, राघवेंद्र तिराहा, सिम्स चौक, कोरोना चौक, मिशन चौक, अमरनाथ गोल बाजार चौक, कोतवाली चौक, जवाली नाला चौक, हटरी चौक, पचरी घाट और गांधी चौक को प्रमुख जुलूस मार्ग बनाया गया है। इन मार्गों पर पर्याप्त संख्या में यातायात एवं पुलिस बल तैनात रहेगा।
👉इन जगहों पर रहेगा डायवर्जन
यातायात व्यवस्था के लिए पेट्रोल पंप क्षेत्र, सिम्स चौक के कनेक्टिंग मार्ग, लखीराम ऑडिटोरियम मार्ग, मिशन चौक, कोरोना चौक, काली मंदिर खापरगंज, तेलीपारा रोड, लालबहादुर शास्त्री-वाल्मीकि चौक, जवाली पुल चौक, लाइफ केयर हॉस्पिटल मार्ग, गांधी चौक और जूना बिलासपुर सहित अन्य मार्गों पर आवश्यकतानुसार वाहन प्रवेश प्रतिबंधित या परिवर्तित किया जाएगा।
👉समितियों को वालेंटियर रखने की अपील
यातायात पुलिस ने गणेश उत्सव समितियों से पर्याप्त संख्या में वालेंटियर रखने की अपील की है। अधिक भीड़ होने पर वालेंटियर यातायात पुलिस के सहयोग से भीड़ और जुलूस को व्यवस्थित करने में मदद करेंगे। पुलिस ने नागरिकों से जुलूस के दौरान निर्धारित मार्गों पर अनावश्यक आवागमन से बचने की अपील की है।
यातायात पुलिस ने शहर में बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए नागरिकों से छोटे वाहनों और सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने की अपील की है, ताकि गणेश विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।

