– ताबड़तोड़ वार के बाद शव को घसीटकर फदहाखार जंगल में फेंका, मुख्य आरोपी गिरफ्तार पूछताछ जारी।
बिलासपुर!
शहर से लगे सिरगिट्टी क्षेत्र में चाकूबाजी और आपसी गैंगवार का एक और खूनी चेहरा सामने आया है। रविवार रात मैट्रिक्स चौक के पास पुरानी रंजिश को लेकर 22 वर्षीय ओम दिवाकर पर कुछ युवकों ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल ओम को कुछ दूर तक घसीटने के बाद आरोपी बाइक से उसका शव फदहाखार जंगल ले गए और झाड़ियों के बीच फेंककर फरार हो गए। सोमवार सुबह जंगल में शव मिलने की सूचना से पूरे क्षेत्र में खलबली मच गई। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी सुनील निर्मलकर उर्फ कल्लू टाइगर (29) पिता विजय निर्मलकर को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में शामिल अन्य युवकों की तलाश की जा रही है। पुलिस हत्या, शव छिपाने समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर रही है।


(रातभर जंगल में पड़ा रहा शव)
हत्या के बाद आरोपी शव को फदहाखार जंगल में छोड़ गए। रात होने के कारण मौके पर तत्काल फोरेंसिक जांच नहीं हो सकी साक्ष्य सुरक्षित रखने के लिए पुलिस ने शव को वहीं रखा। सोमवार सुबह फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच की खोजी कुत्ते की मदद से भी आसपास के क्षेत्र में सुराग तलाशे गए। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
(पहले भी भिड़ चुके थे दोनों पक्ष)
पुलिस के अनुसार मृतक और मुख्य आरोपी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों के बीच पहले भी मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस रिकॉर्ड में मृतक और आरोपी के खिलाफ मारपीट तथा आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। दोनों को पहले हथियार के साथ पकड़े जाने के बाद जेल भेजा गया था और वे कुछ समय पहले ही जमानत पर बाहर आए थे।
(कुछ दिन पहले पांच-छह युवकों ने की थी मारपीट)
हत्या से कुछ दिन पहले ओम दिवाकर के साथ पांच-छह युवकों द्वारा मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है। उसे बाइक पर बैठाने की कोशिश का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद संबंधित ग्रुप के युवकों द्वारा सोशल मीडिया पर स्टेटस लगाए जाने की जानकारी भी सामने आई पुलिस अब इन घटनाओं को हत्या से जोड़कर जांच कर रही है।
👉हथियारों के साथ वीडियो,ग्रुप बनाकर वर्चस्व की होड़ ?
नयापारा,चांदमारी और नजरलालपारा क्षेत्र में युवकों के केवल,केवल मार व कोहिनूर जैसे कुछ ग्रुप बनाकर सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने की चर्चा है। हथियारों के साथ वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट करने और आपसी वर्चस्व दिखाने की प्रवृत्ति भी सामने आती रही है। छोटे विवादों का हिंसक रूप लेना और खुलेआम चाकू-हथियारों का प्रदर्शन क्षेत्र में चिंता का विषय बनता जा रहा है।
(एकलौते बेटे की हत्या से परिवार सदमे में)
ओम दिवाकर पिता कन्हैया दिवाकर और माता पूजा दिवाकर का इकलौता पुत्र था पुरानी रंजिश में हुई इस हत्या ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। लगातार सामने आ रही चाकूबाजी की घटनाओं के बीच अब पुलिस के सामने हथियार लेकर घूमने वाले युवकों, आपराधिक ग्रुपों और सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन पर प्रभावी निगरानी की चुनौती है।

