✍️ देवरीखुर्द में आपसी विवाद ने लिया खूनी रूप, वारदात के बाद आरोपी फरार; तोरवा पुलिस जांच में जुटी
बिलासपुर। शहर में चाकूबाजी की बढ़ती घटनाओं के बीच देवरीखुर्द से एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। देवरीखुर्द शराब दुकान के पास आपसी विवाद के दौरान एक ऑटो चालक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान बल्ला साहू, निवासी गदा चौक देवरीखुर्द के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शराब दुकान के पास किसी बात को लेकर बल्ला साहू का एक व्यक्ति से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। इसी दौरान आरोपी ने बल्ला साहू पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू के वार से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।

👉वारदात के बाद मची अफरा-तफरी
चाकूबाजी की घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
👉शराब दुकानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
देवरीखुर्द शराब दुकान के पास हुई हत्या की इस वारदात ने एक बार फिर शराब दुकानों के आसपास की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब दुकानों के आसपास आए दिन विवाद, गाली-गलौज और मारपीट की घटनाएं सामने आती हैं। ऐसे में पुलिस और प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
👉आरोपी की तलाश में दबिश
फिलहाल तोरवा थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस आपसी विवाद को हत्या की वजह मानकर जांच आगे बढ़ा रही है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ, हत्या में कितने लोग शामिल थे और वारदात के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, इसका खुलासा पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगा।

