-विवाद के बाद युवक ने सीने पर किए ताबड़तोड़ वार, आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। तीज और गणेश चतुर्थी पर्व के बीच सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम संबलपुरी में सोमवार शाम गणेश पंडाल के पास विवाद के बाद चाकूबाजी की वारदात से सनसनी फैल गई। दो युवकों के बीच हुए विवाद में एक युवक ने दूसरे के सीने पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवक को सिम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार सोमवार शाम करीब 4:30 बजे ग्राम संबलपुरी में राशन दुकान के सामने बने गणेश पंडाल के पास अमन सूर्यवंशी (23), पिता प्रहलाद सूर्यवंशी और आकाश सूर्यवंशी (22), पिता अंशु सूर्यवंशी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इसी दौरान अमन ने चाकू निकालकर आकाश के सीने पर लगातार तीन-चार वार कर दिए। हमले में आकाश गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।

(मृतक)
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने डायल-112 को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल आकाश को उपचार के लिए सिम्स भेजा, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

(आरोपी )
👉आरोपी गिरफ्तार, वजह की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपी अमन सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में हत्या के पीछे विवाद की वास्तविक वजह सामने आने की बात कही जा रही है। मृतक का शव सिम्स की मर्च्यूरी में रखा गया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
✍️सकरी क्षेत्र में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं के बीच गणेश पंडाल के पास हुई इस हत्या से एक बार फिर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

