बिलासपुर। तिफरा स्थित ग्रैंड लोटस होटल में सोमवार को टेंट लगाने के दौरान करंट लगने से एक 19 वर्षीय मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान चांटीडीह निवासी रोशन कुमार ध्रुव के रूप में हुई है। वह लंबे समय से टेंट लगाने का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, रोशन रविवार को अपने साथियों के साथ ग्रैंड लोटस होटल में टेंट लगाने पहुंचा था। काम के दौरान लोहे का टेंट किसी तरह बिजली के संपर्क में आ गया। जैसे ही रोशन ने टेंट को छुआ, वह तेज करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।
साथी मजदूर उसे तत्काल इलाज के लिए सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर सिम्स चौकी पुलिस ने अस्पताल से मेमो प्राप्त कर मामला सिरगिट्टी थाना पुलिस को भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इधर, मृतक के परिजनों ने होटल प्रबंधन और संबंधित टेंट हाउस संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि टेंट लगाने के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि हादसे के बाद उन्हें किसी प्रकार की आर्थिक सहायता नहीं दी गई।
पोस्टमार्टम के दौरान सहयोग नहीं मिलने से नाराज परिजनों ने कुछ समय के लिए हंगामा भी किया। बाद में टेंट हाउस संचालक और परिजनों के बीच बातचीत के बाद मामला शांत हुआ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रैंड लोटस होटल में इससे पहले भी करंट लगने से एक बिजली मिस्त्री की मौत हो चुकी है। लगातार सामने आ रहे ऐसे हादसों ने होटल और निर्माण कार्यों में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

