♦ CCTV में कैद हुई पूरी वारदात, एक युवक गंभीर,कई घायल
♦ एक नाबालिग सहित पांच आरोपी गिरफ्तार, सरकंडा पुलिस की त्वरित कार्रवाई
बिलासपुर। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत अपोलो चौक लिंगियाडीह में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोपियों ने पहले तीन युवकों को छोटा हाथी वाहन से कुचलने का प्रयास किया। जब वे बच निकले तो उन पर पाइप, लाठी और ईंट से हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, पुरानी रंजिश के चलते दो पक्ष आमने-सामने आ गए। इसी दौरान छोटा हाथी वाहन में सवार होकर पहुंचे आरोपियों ने तीन युवकों को टक्कर मारकर कुचलने की कोशिश की। वाहन से बचने के बाद भी आरोपियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उन्होंने पाइप, लाठी तथा ईंट से हमला कर दिया। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
CCTV फुटेज बना अहम साक्ष्य
घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में आरोपी खुलेआम मारपीट और उत्पात मचाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज को महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में जब्त किया है।
एक नाबालिग सहित पांच आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक नाबालिग सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की जांच जारी
प्रारंभिक जांच में हमले के पीछे पुरानी रंजिश कारण के रूप में सामने आई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले के सभी पहलुओं की जांच करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

