▶ रेलवे क्रॉसिंग के नीचे सो रहे राजमिस्त्री पर किया जानलेवा हमला
▶ विवाद के बाद आरोपी ने दिया वारदात को अंजाम, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
▶ आरोपी गिरफ्तार, पुलिस हत्या के कारणों की जांच में जुटी
कोरबा.। शहर के सबसे व्यस्त माने जाने वाले ऊषा कॉम्प्लेक्स रेलवे क्रॉसिंग के नीचे सोमवार को दिनदहाड़े हुई एक निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। मामूली विवाद के बाद एक मजदूर ने अपने ही साथी राजमिस्त्री की लकड़ी के फट्टे से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
मृतक की पहचान राजेश महाराज उर्फ राजू के रूप में हुई है, जो पेशे से राजमिस्त्री था। जानकारी के अनुसार वह रोज की तरह अन्य मजदूरों के साथ काम मिलने की प्रतीक्षा में रेलवे क्रॉसिंग के नीचे बैठा था। इसी दौरान उसका साथी मजदूर भरत से विवाद हो गया।
घायल राजेश को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी भरत को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज जब्त कर ली है तथा हत्या के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

