✍️ एक दिन पहले दर्ज हुई थी गुमशुदगी, घटनास्थल पर स्कूटी, जूते और पैंट मिलने से बढ़ा रहस्य।
बिलासपुर….! चकरभाठा थाना क्षेत्र में 65 वर्षीय बुजुर्ग का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जगतार सिंह के रूप में हुई है। उनका शव कॉलोनी के समीप औंधे मुंह पड़ा मिला। घटनास्थल के आसपास उनके जूते और पैंट बिखरे मिले, जबकि कुछ दूरी पर उनकी स्कूटी खड़ी होने से मामला और रहस्यमय हो गया है।
जानकारी के अनुसार, जगतार सिंह पिछले कुछ समय से लापता थे। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट एक दिन पूर्व चकरभाठा थाने में दर्ज कराई थी। अगले ही दिन उनका शव मिलने की सूचना से परिवार में मातम पसर गया। परिजनों ने घटना पर संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक विशेषज्ञों एवं डॉग स्क्वाड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है।

रहस्य गहराया–
👉एक दिन पहले दर्ज हुई थी गुमशुदगी।
👉कॉलोनी के पास मिला बुजुर्ग का शव।
👉घटनास्थल पर जूते और पैंट पड़े मिले।
👉कुछ दूरी पर खड़ी मिली स्कूटी।
👉फोरेंसिक और डॉग स्क्वाड ने जुटाए साक्ष्य।
👉पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा।

