बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस की डिजिटल पहल ‘सशक्त’ (Sashakt) मोबाइल एप वाहन चोरों पर शिकंजा कसने में कारगर साबित हो रही है। सरकंडा पुलिस ने एप की मदद से दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की पांच दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 14 जून 2026 को विवेकानंद नगर मोपका निवासी कमलेश चंद्राकर ने थाना सरकंडा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 जून की रात करीब 11.30 बजे उन्होंने अपनी एक्टिवा (क्रमांक CG 10 BN 1325) दोस्त के घर के बाहर लॉक कर खड़ी की थी। कुछ देर बाद लौटने पर स्कूटी गायब मिली। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार आर्य एवं मोपका चौकी प्रभारी ओमप्रकाश कुर्रे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। संदेही के पास मिली एक्टिवा को सशक्त एप में जांचने पर वह चोरी की निकली। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दो युवकों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने वर्तमान चोरी के अलावा वर्ष 2025 एवं 2026 के दौरान की गई अन्य वाहन चोरियों की भी स्वीकारोक्ति की। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर कुल पांच चोरी के वाहन बरामद किए।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने जुलाई 2025 से जून 2026 के बीच एक्टिवा, स्प्लेंडर और यामाहा मोटरसाइकिल सहित कई वाहन चोरी कर उन्हें बेहद कम कीमत में बेच दिया था। बरामद वाहनों को जब्त कर लिया गया है तथा चोरी के वाहन खरीदने वालों की भी जांच की जा रही है।
सशक्त एप बना पुलिस का प्रभावी हथियार
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सशक्त मोबाइल एप के माध्यम से लावारिस एवं संदिग्ध वाहनों का तत्काल सत्यापन किया जा रहा है। साथ ही नागरिकों से प्राप्त गोपनीय सूचनाओं पर भी त्वरित कार्रवाई संभव हो रही है, जिससे अपराधियों तक पहुंचने में सफलता मिल रही है।
(गिरफ्तार आरोपी)
सुरेन्द्र भुनेश्वर (22), निवासी खाल्हेपारा, मोपका।
सुजल दर्वे उर्फ रिंकू (24), निवासी खाल्हेपारा, मोपका।
// पुलिस की चेतावनी
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी का सामान खरीदने वाले भी कानून की नजर में समान रूप से अपराधी हैं। बिना वैध दस्तावेज के सस्ते दामों में चोरी के वाहन या सामान खरीदने वालों के विरुद्ध भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

