बिलासपुर। न्यायधानी स्थित सेंट्रल जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे एक बंदी की रविवार को उपचार के दौरान सिम्स अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 61 वर्षीय जनक राम, पिता इतवारी, निवासी जिला मुंगेली के रूप में हुई है, जो हत्या सहित गंभीर अपराध में आजीवन कारावास की सजा भुगत रहा था।
जेल प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार रविवार तड़के करीब 3:30 बजे जनक राम शौचालय गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसलने से वह गिर पड़ा। कुछ देर बाद जब वह शौचालय से बाहर निकल रहा था, तब अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह दोबारा गिरने लगा। मौके पर मौजूद अन्य बंदियों और जेल कर्मचारियों ने तत्काल उसे संभाला तथा घटना की सूचना अधिकारियों को दी।
बंदी की हालत गंभीर देखते हुए जेल प्रशासन ने बिना देर किए उसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज शुरू किया गया। हालांकि तमाम प्रयासों के बावजूद रविवार शाम करीब 4:30 बजे उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गिरने और अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद बंदी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया था, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बंदी की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

