– बन्नाकडीह भगड़ापारा में तीन दिनों से बिजली संकट,पंखे बंद,बोर नहीं चलने से पानी कि समस्या।
– सोमवार तक स्थायी समाधान नहीं तो बिजली कार्यालय का घेराव।
बिलासपुर! ग्राम पंचायत बन्नाकडीह के भगड़ापारा में बीते कई दिनों से जारी बिजली संकट को लेकर रविवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। भीषण गर्मी और लगातार कम वोल्टेज से परेशान ग्रामीणों ने बिजली मरम्मत के लिए पहुंचे वाहन और विद्युत कर्मचारियों को मौके पर ही रोककर बंधक बना लिया। ग्रामीणों ने साफ कहा कि जब तक बिजली व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त नहीं होगी, कर्मचारियों को जाने नहीं दिया जाएगा ग्रामीणों के मुताबिक कम वोल्टेज के कारण घरों के पंखे तक ठीक से नहीं चल रहे हैं। सबसे गंभीर स्थिति पानी को लेकर बनी हुई है गांव का बोर बिजली पर निर्भर है, लेकिन कम वोल्टेज के चलते बोर नहीं चल पा रहा, जिससे घरों में पानी की आपूर्ति प्रभावित हो गई है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाकर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। साथ ही ग्रामीणों ने कहा कि जरा सा हवा चलने,पानी गिरते ही बिजली बंद हो जाती है। ग्रामीणों ने इसका स्थायी निराकरण करने की मांग की है हालांकि अधिकारियों के निर्देश पर कर्मियों ने व्यवस्था दुरुस्त कर दी है। अधिकारी ने सोमवार को ट्रांसफार्मर लगाने की बात कही है।

(बढ़े लोड के बावजूद 63 केवी ट्रांसफार्मर, हर घंटे उड़ रहा फ्यूज)
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र का बिजली लोड काफी बढ़ चुका है, बावजूद इसके विभाग ने 63 केवी का ट्रांसफार्मर लगा रखा है। क्षमता से अधिक लोड के कारण ट्रांसफार्मर टिक नहीं पा रहा और बार-बार फ्यूज उड़ रहा है ग्रामीणों ने बढ़े लोड के अनुरूप अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है।

(112 की समझाइश के बाद शांत हुए ग्रामीण)
मामले की जानकारी मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों को समझाइश दी, जिसके बाद स्थिति शांत हुई। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि उन्हें आश्वासन नहीं, बल्कि बिजली समस्या का स्थायी समाधान चाहिए। विभाग की ओर से सोमवार को नया ट्रांसफार्मर लगाने और तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने का भरोसा दिए जाने के बाद ग्रामीण शांत हुए।
(सोमवार को समाधान नहीं तो बिजली कार्यालय का घेराव)
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि सोमवार तक नया ट्रांसफार्मर लगाकर कम वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे बिजली कार्यालय का घेराव कर आंदोलन करेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली संकट से पानी, पंखे और रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने क्षमता के अनुरूप नया ट्रांसफार्मर लगाने और स्थायी विद्युत व्यवस्था की मांग की है।

