✒️गले पर चोट के निशान से हत्या की आशंका, प्रेम प्रसंग के एंगल ने बढ़ाया रहस्य
बिलासपुर सीपत। ग्राम कौड़िया में बुधवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब 28 वर्षीय चंद्रप्रकाश पटेल की लाश उसके घर के पीछे बाड़ी में संदिग्ध हालत में मिली। युवक के गले पर चोट के निशान पाए जाने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। घटना से कुछ घंटे पहले पड़ोसी गांव दर्राभाठा की एक युवती के चंद्रप्रकाश से मिलने की बात सामने आने के बाद पुलिस ने प्रेम प्रसंग को भी जांच का अहम एंगल बनाया है।
बताया गया कि बुधवार दोपहर चंद्रप्रकाश से मिलने एक युवती उसके घर पहुंची थी। इसी बीच उसकी मां और पत्नी खेत गई थीं। शाम करीब 4 बजे दोनों वापस लौटीं तो चंद्रप्रकाश बाड़ी में जमीन पर पड़ा मिला। पास जाकर देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। गले पर चोट के निशान देखकर परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी राजेश मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने संदिग्ध युवती से पूछताछ शुरू कर दी है और मृतक के मोबाइल, आखिरी संपर्क तथा घटना से पहले उसकी गतिविधियों की जानकारी खंगाली जा रही है।

👉 फिलहाल हत्या की पुष्टि नहीं
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी राजेश मिश्रा के अनुसार मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस प्रेम प्रसंग समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

