बिलासपुर। बरसात के मौसम में जहरीले सांपों का खतरा बढ़ गया है। जिले में सांप के डसने की दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों में दहशत पैदा कर दी। रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पचरा के खसरिया पारा में करैत सांप के डसने से 9 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई, वहीं नेहरू नगर के साप्ताहिक बाजार में सब्जी खरीदने पहुंचे युवक को करेले के ढेर में छिपे कोबरा ने डस लिया। युवक का सिम्स अस्पताल में उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, पचरा निवासी शालनी अघरिया (9) सोमवार रात परिवार के साथ घर में सो रही थी। रात करीब 2:30 बजे घर में घुसे जहरीले करैत ने उसकी उंगली में डस लिया। परिजन उसे तत्काल रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से गंभीर हालत में बिलासपुर सिम्स रेफर किया गया। डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे उपचार के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
👉वहीं दूसरी घटना में बहतराई निवासी बिहारी साहू नेहरू नगर के साप्ताहिक बाजार में सब्जी खरीद रहा था। वह करेले के ढेर से सब्जी छांट रहा था, तभी उसमें छिपा कोबरा अचानक बाहर निकला और उसके हाथ की उंगली में डस लिया। सांप के डसने की खबर फैलते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। युवक को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है और फिलहाल उसकी हालत ठीक बताई जा रही है।
✍️बरसात में बढ़ा सांपों का खतरा
लगातार बारिश के बीच सांपों के घरों और भीड़भाड़ वाले स्थानों में निकलने की घटनाएं बढ़ रही हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, सांप के काटने पर समय गंवाए बिना पीड़ित को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाना बेहद जरूरी है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों को बरसात के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

