सरिया काटने वाली मशीन में उतरा करंट, काम करते समय लगा जोरदार झटका; सिम्स में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे 35 वर्षीय मिस्त्री की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा वार्ड क्रमांक 14 में आशुतोष कटकवार के निर्माणाधीन मकान में हुआ। मृतक की पहचान संतोष केवट पिता गंगाराम केवट, निवासी चकरभाठा बस्ती वार्ड क्रमांक 12 के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि संतोष अन्य मजदूरों के साथ लोहे की सरिया काटने का काम कर रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे सरिया काटने वाली मशीन में अचानक करंट प्रवाहित हो गया। मशीन के संपर्क में आते ही संतोष को जोरदार बिजली का झटका लगा और वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा। साथियों ने तत्काल मशीन बंद कर उसे बचाने का प्रयास किया और 108 एंबुलेंस की मदद से सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस मशीन में करंट आने के कारणों की जांच कर रही है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में मातम पसर गया।

