सिरगिट्टी के बन्नाक चौक में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, 4610 लीटर कीटनाशक और 9611 किलो जैव उत्प्रेरक खाद जब्त
बिलासपुर। सिरगिट्टी क्षेत्र के बन्नाक चौक में उस समय हड़कंप मच गया, जब कृषि विभाग की जिला स्तरीय उड़नदस्ता टीम ने एक दोमंजिला इमारत के प्रथम तल पर बने गोदाम में छापेमारी कर भारी मात्रा में कीटनाशक, पौध संरक्षण दवाएं और जैव उत्प्रेरक खाद बरामद की। कार्रवाई के दौरान 4610 लीटर कीटनाशक एवं पौध संरक्षण दवाएं और 9611 किलो जैव उत्प्रेरक खाद जब्त की गई। इसके अलावा 10 किलो क्षमता वाली बड़ी संख्या में खाली बाल्टियां भी मिली हैं। विभाग को आशंका है कि इन्हीं बाल्टियों में खाद की पैकिंग कर उसे नकली उत्पाद के रूप में बाजार में खपाया जा सकता था।

सबसे गंभीर बात यह है कि जिस इमारत में यह अवैध भंडारण किया जा रहा था, उसके ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग, प्रथम तल पर गोदाम और द्वितीय तल पर गोल्डन स्टे होटल संचालित हो रहा था। यानी रिहायशी और व्यावसायिक क्षेत्र के बीच ऊपरी मंजिल पर होटल और नीचे भारी मात्रा में कीटनाशक व खाद का भंडारण किया गया था।
(बिना अनुमति चल रहा था भंडारण और कारोबार)
जांच में सामने आया कि उक्त गोदाम को राजकिशोर नगर निवासी मनीष सिंह पिता सूरजभान सिंह ने किराए पर लिया था। कृषि विभाग के अनुसार गोदाम संचालक ने कीटनाशक व खाद के भंडारण और बिक्री के लिए विभाग से आवश्यक अनुज्ञा नहीं ली थी। न ही इस संबंध में कार्यालय उप संचालक कृषि को किसी प्रकार की पूर्व सूचना या आवेदन दिया गया था।
(राजकोट और रायपुर की कंपनियों का मिला माल)
जब्त सामग्री में मुख्य रूप से ग्रीन वुड एग्रीकेम, राजकोट (गुजरात) और तेज एग्रो सॉल्यूशन, रायपुर से संबंधित उत्पाद पाए गए हैं। विभाग ने सभी सामग्री के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट के बाद ही उत्पादों की गुणवत्ता और वास्तविकता स्पष्ट होगी।
उप संचालक कृषि पी.डी. हथेश्वर ने बताया कि जिले में कालाबाजारी और अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। विभाग की टीम पूरी मुस्तैदी से जांच कर रही है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान सहायक संचालक कृषि अनिल शुक्ला, उर्वरक निरीक्षक आर.एस. गौतम सहित विजय धीरज, खेमराज शर्मा, उमेश कश्यप एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

