बिलासपुर- सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के चुचुहियापारा रेलवे अंडरब्रिज के पास रविवार देर रात ऑटो किराए को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पहले सड़क पर कहासुनी हुई, फिर मारपीट और चाकूबाजी हुई। इसके बाद हिंसा घर तक पहुंच गई। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगा रहे हैं। घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका सिम्स अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

पहले पक्ष के घायल आकिब ने बताया कि वह मूलतः उत्तर प्रदेश के फूलपुर का रहने वाला है और पेशे से ओटी (ऑपरेशन थिएटर) टेक्नीशियन है। वह अपनी पत्नी को लेने बिलासपुर स्थित ससुराल आया था। रविवार रात करीब 11 से 11:30 बजे बिजली गुल होने के कारण वह अपने रिश्तेदार अयान (20) के साथ घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान ऑटो चालक समीर खान वहां पहुंचा और कुछ दूरी पर वाहन रोककर दोनों को घूरने लगा। आरोप है कि कारण पूछने पर समीर गाली-गलौज करने लगा, अयान के गले से चेन छीन ली और विरोध करने पर चाकू से आकिब और अयान पर हमला कर दिया।


आकिब के परिजनों का कहना है कि घटना की सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। घायलों को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में सिम्स रेफर किया गया।

वहीं दूसरे पक्ष के घायल समीर खान के परिजनों ने अलग कहानी बताई है। उनका आरोप है कि रास्ते में ऑटो किराए को लेकर विवाद हुआ था। कुछ देर बाद 6 से 8 लोग उनके घर पहुंच गए और दरवाजा खुलते ही समीर पर चाकू, रॉड और पत्थरों से हमला कर दिया। बेटे को बचाने पहुंचे पिता मोहम्मद रफीक पर भी हमला किया गया। परिजनों के अनुसार समीर के सिर, कमर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं तथा घर के अन्य सदस्यों से भी मारपीट की गई।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर ली है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

