– तलवार-चाकू लेकर घूम रहे आरोपियों पर आर्म्स एक्ट की कार्रवाई, एक अन्य गंभीर चोट के मामले का फरार आरोपी भी गिरफ्तार।
बिलासपुर- सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में बढ़ती चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर लगाम कसने पुलिस ने रात में विशेष ‘सरप्राइज चेकिंग’ अभियान चलाया। गणेश नगर, नयापारा, चुचुहियापारा और तिफरा सहित संवेदनशील इलाकों में पुलिस ने 40 से 50 संदिग्ध व्यक्तियों और गुण्डा-बदमाशों की बारीकी से जांच की। इस दौरान 6 आरोपियों के कब्जे से एक तलवार और पांच धारदार चाकू बरामद किए गए। पुलिस ने सभी छह आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। वहीं, चेकिंग अभियान के दौरान गंभीर चोट के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे रोहित धुरी उम्र 36 को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर थाना क्षेत्र में गुण्डा-बदमाशों और चाकूबाजी करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई से रात में हथियार लेकर घूमने वाले असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है। सिरगिट्टी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संवेदनशील क्षेत्रों में इस तरह की औचक चेकिंग और बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

(इनके पास मिले हथियार)
विकास सिंह उम्र 32 कंचन विहार, सिरगिट्टी, प्रमोद कुर्मी उम्र नयापारा, बिजली ऑफिस के पास,अनिकेत नेताम उम्र 24 गोंडवाना चौक, नयापारा, लक्की नेताम उम्र 22 गोंडवाना चौक, नयापारा, राम नायक उम्र 18 दामाद मोहल्ला, सिलपहरी, रोहित तांडी उम्र 34 महिमानगर, सिरगिट्टी – सभी के पास से पुलिस ने हथियार बरामद किए है। साथ ही गंभीर चोट के मामले में
रोहित धुरी उम्र 36 निवासी बन्नाकडीह, थाना सिरगिट्टी।

