बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अकलतरी में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात नशे में हुई गाली-गलौज ने खूनी रूप ले लिया। मामूली विवाद के बाद दो युवकों ने घर की छत पर चढ़कर 35 वर्षीय युवक पर ईंट और हंसिया से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू भार्गव (35), निवासी नीम चौक, ग्राम अकलतरी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोहल्ले में कुछ लोग नशे की हालत में गाली-गलौज कर रहे थे। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
आरोप है कि अमित कुमार सोनवानी (19) और सुधीर सोनवानी (26) विवाद के बाद मृतक के घर पहुंचे। दोनों छत पर चढ़ गए और दीवार की ईंट निकालकर इंद्रप्रकाश के सिर पर लगातार वार किए। इसके बाद हंसिया से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण इंद्रप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निलेश पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस हत्या के कारणों और घटना के सभी पहलुओं की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

