बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के अशोक नगर में किराए के मकान में रह रहे 23 वर्षीय एलएलबी छात्र ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ सेवन कर आत्महत्या कर ली। कमरे से सुसाइड नोट मिलने के बाद पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, सूरजपुर निवासी अभिषेक यादव (23) पिता गुरुप्रसाद यादव बिलासपुर के एक निजी महाविद्यालय में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे थे। उनके पिता पुलिस विभाग में उप निरीक्षक हैं। अभिषेक अशोक नगर स्थित किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई कर रहे थे।
बताया गया कि गुरुवार को कॉलेज से लौटने के बाद वह कमरे में चले गए। शुक्रवार शाम तक दरवाजा नहीं खुलने पर मकान मालिक ने उनके दोस्तों को सूचना दी। कमरे के भीतर झांकने पर अभिषेक अचेत अवस्था में मिले। सूचना पर पहुंची सरकंडा पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर जांच शुरू की। तलाशी के दौरान कमरे से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें अभिषेक ने अपने इस कदम के लिए परिजनों से माफी मांगी है। हालांकि, आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट उल्लेख है या नहीं, इस संबंध में पुलिस ने कोई जानकारी साझा नहीं की है।
पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स भेजा गया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस को कमरे की तलाशी के दौरान एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें छात्र ने परिजनों से माफी मांगते हुए आत्महत्या जैसा कदम उठाने का जिक्र किया है। हालांकि, इस फैसले के पीछे की वजह का खुलासा पुलिस ने नहीं किया है। मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

