👉 कलाई काटने के बाद उठाया आत्मघाती कदम, घटनास्थल से मिला सुसाइड नोट; 👉 पुलिस हर पहलू की कर रही जांच
बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में नगर निगम के सब इंजीनियर अमर सिंह चौहान ने अपने निवास पर कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका शव घर के भीतर फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि फंदे पर लटकने से पहले उन्होंने अपनी कलाई भी काटी थी। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर पुलिस ने सभी आवश्यक भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए हैं।
(सुसाइड नोट में मानसिक तनाव का जिक्र)
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नोट में अमर सिंह चौहान ने मानसिक तनाव और व्यक्तिगत परेशानियों का उल्लेख किया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट की सत्यता और उसमें लिखी गई बातों का परीक्षण किया जा रहा है। जांच पूरी होने से पहले किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।
(हाल ही में हुआ था जगदलपुर स्थानांतरण)
जानकारी के मुताबिक अमर सिंह चौहान का हाल ही में जगदलपुर स्थानांतरण हुआ था। प्रारंभिक तौर पर यह बात सामने आई है कि स्थानांतरण के बाद वे तनाव में चल रहे थे। हालांकि पुलिस का स्पष्ट कहना है कि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही हो सकेगा।
(टीआई बोले-हर पहलू से हो रही जांच)
सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केवट ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों एवं परिचितों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। सुसाइड नोट सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। मामले के हर पहलू की गंभीरता से विवेचना की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

