एक बच्चे का शव बरामद, दो की तलाश में जुटी पुलिस-ग्रामीण; एसडीआरएफ करेगी सर्च ऑपरेशन
तखतपुर। तखतपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत समडील से बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे तीन मासूम बच्चे घोंघा नदी पार करते समय अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


जानकारी के अनुसार ग्राम समडील निवासी 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल पिता भुनेश्वर जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल पिता भुनेश्वर जायसवाल और 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल पिता विजय जायसवाल स्कूल से छुट्टी के बाद नदी पार कर घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि नदी में पानी कम था, लेकिन अचानक तेज बहाव आने से तीनों बच्चे उसकी चपेट में आ गए और देखते ही देखते बह गए।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में नदी किनारे पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ कई घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दो अन्य मासूम अभी भी लापता हैं।
थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने बताया कि तीनों बच्चे स्कूल से नदी पार कर घर जा रहे थे। नदी में पानी कम था, लेकिन अचानक आए तेज बहाव की चपेट में आने से बच्चे बह गए। उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ की टीम गांव पहुंचकर नदी में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाएगी और लापता दोनों बच्चों की तलाश की जाएगी।
हादसे के बाद समडील गांव में शोक की लहर है। परिजन नदी किनारे बदहवास हालत में अपने बच्चों के मिलने की आस लगाए बैठे हैं, वहीं बड़ी संख्या में ग्रामीण भी तलाश अभियान में जुटे हुए हैं। फिलहाल सबकी निगाहें एसडीआरएफ के सर्च ऑपरेशन पर टिकी हैं।

