बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र के हिरीं माइंस चौक पर रविवार रात तेज़ रफ्तार का कहर देखने को मिला। बेकाबू कार ने स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मारने के बाद दूसरी खड़ी स्कूटी को उछालते हुए सड़क किनारे स्थित दुकान में घुस गई। दिल दहला देने वाला पूरा हादसा पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। दुर्घटना में स्कूटी सवार देवेंद्र शर्मा उर्फ दादा महाराज (45), निवासी रहंगी की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार देवेंद्र शर्मा साप्ताहिक सब्जी बाजार से खरीदारी कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। हिरीं माइंस चौक पर सड़क पार करते समय बिलासपुर की ओर से आ रही तेज़ रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे कई फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घायल करीब 25 मिनट तक सड़क पर तड़पता रहा। डायल-112 और एंबुलेंस को सूचना देने के बावजूद समय पर मदद नहीं पहुंची। अंततः स्थानीय लोगों ने निजी वाहन से उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जरूरत के समय पुलिस और एंबुलेंस नहीं पहुंची, जबकि घटना के काफी देर बाद एक साथ तीन डायल-112 वाहन मौके पर पहुंचे। इधर, सामने आए सीसीटीवी फुटेज में कार की रफ्तार और हादसे की भयावहता साफ दिखाई दे रही है। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि कार एक राइस मिल संचालक का 23 वर्षीय युवक चला रहा था, जो हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और दोनों क्षतिग्रस्त स्कूटियों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
(25 मिनट तक तड़पता रहा घायल, समय पर नहीं मिली मदद)
इस हादसे ने एक बार फिर आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर एंबुलेंस और डायल-112 पहुंच जाती, तो शायद एक जान बचाई जा सकती थी।

