तखतपुर। तखतपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत समडील में घोंघा नदी में बहने वाले तीनों मासूम बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं। स्कूल से छुट्टी के बाद शॉर्टकट रास्ते से नदी पार कर घर लौट रहे तीनों बच्चे अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए थे। हादसे के बाद कल शाम से एसडीआरएफ की टीम लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही थी। रातभर चले अभियान के बाद आज सुबह दोनों लापता बच्चों के शव भी बरामद कर लिए गए।
जानकारी के अनुसार ग्राम समडील निवासी 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल पिता भुवनेश्वर जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल पिता भुवनेश्वर जायसवाल और 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल पिता विजय जायसवाल स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे थे। तीनों बच्चे शॉर्टकट रास्ते से घोंघा नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान नदी में अचानक तेज बहाव आया और तीनों मासूम उसकी चपेट में आकर बह गए। घटना की खबर मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन ने तत्काल नदी में तलाश अभियान शुरू किया। बाद में एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने कल शाम से ही लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। अभियान के दौरान एक बच्चे का शव कल बरामद कर लिया गया था, जबकि दो अन्य बच्चों की तलाश रातभर जारी रही।
आज सुबह एसडीआरएफ के लगातार सर्च ऑपरेशन के दौरान दोनों लापता बच्चों के शव भी बरामद कर लिए गए। इसके साथ ही हादसे में लापता तीनों मासूमों की तलाश पूरी हो गई। बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे एक ही परिवार के दो भाइयों के बच्चे थे। अनमोल केजी-2, जबकि स्तुति और शिक्षा कक्षा तीसरी में पढ़ती थीं। स्कूल से घर लौटते समय हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे समडील गांव को झकझोर दिया है।
एक साथ तीन मासूमों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब चीख-पुकार और सन्नाटा पसरा है। ग्रामीण भी इस हृदयविदारक घटना से गहरे सदमे में हैं।
👉 घोंघा नदी का यह हादसा एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा और नदी पार करने के लिए सुरक्षित रास्ते की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर गया है।

