तारबाहर,चकरभाठा और मल्हार में सूने मकानों को बनाया निशाना,पुलिस के लिए बढ़ी चुनौती
बिलासपुर। जिले में चोरों ने एक ही रात तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सूने मकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। तारबाहर, चकरभाठा और मस्तूरी थाना क्षेत्र की मल्हार चौकी में हुई इन घटनाओं से शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक दहशत का माहौल है। बदमाश सोने-चांदी के जेवर, नगदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। तीनों मामलों में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कहीं डॉग स्क्वायड की मदद ली गई तो कहीं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
थाना तारबाहर : पुष्पा देवी कौशल के घर से 3 से 4 लाख की चोरी
रेलवे वायरलेस कॉलोनी क्वार्टर क्रमांक 367/2 निवासी पुष्पा देवी कौशल अपने पति के इलाज के लिए रायपुर एम्स गई थीं। रात होने पर वे सिरगिट्टी स्थित बेटी के घर रुक गईं। मंगलवार सुबह घर पहुंचीं तो खिड़की टूटी हुई मिली और पूरा सामान बिखरा पड़ा था। चोर अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने की चेन, मंगलसूत्र, अंगूठी, नथ, टॉप्स, चांदी के जेवर, जेवरों के बिल, 50 हजार रुपये नकद तथा पीतल-कांसे के बर्तन चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 3 से 4 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस और डॉग स्क्वायड ने मौके पर जांच की, लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला।

👉 थाना चकरभाठा : सेवानिवृत्त व्याख्याता खगेन्द्र कुमार तिवारी के घर लाखों की सेंध
खगेन्द्र कुमार तिवारी, निवासी वार्ड क्रमांक-15 चकरभाठा कैंप, परिवार सहित अपने इंजीनियर पुत्र से मिलने कोरबा गए थे। लौटने पर घर के मुख्य दरवाजे, चार कमरों, अलमारी और लोहे की पेटी के ताले टूटे मिले। चोर सोने के हार, कंगन, अंगूठी, बाली, हीरे की अंगूठी व बाली, चांदी के जेवर, कांसे के बर्तन, करीब 50 हजार रुपये नकद और गुल्लक में रखे लगभग 60 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत का आकलन अभी किया जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

👉 थाना चौकी मल्हार : विवेक राय के सूने मकान में चोरी, सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी
मस्तूरी थाना क्षेत्र की मल्हार चौकी अंतर्गत ग्राम चौहा निवासी विवेक राय के सूने मकान में अज्ञात चोर ने मुख्य गेट, कमरे और अलमारी का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। परिवार के बिलासपुर में होने का फायदा उठाकर चोर सोने के तीन गहने, चांदी के छह जेवर और 15 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गया। चोरी गए सामान की कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई गई है। इस मामले की सबसे अहम बात यह है कि पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान में जुटी है।
👉एक रात में तीन बड़ी वारदातें, पुलिस गश्त पर उठे सवाल
एक ही रात में जिले के तारबाहर, चकरभाठा और मल्हार थाना क्षेत्रों में हुई तीन बड़ी चोरी की घटनाओं ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस का दावा है कि तीनों मामलों में अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही वारदातों का खुलासा किया जाएगा।
न सिर्फ सोना, चांदी के जेवर भी कीमती… फिर एफआईआर में कम कीमत क्यों?
✍️ चोरी के मामलों में लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी होने के बावजूद कई बार पुलिस एफआईआर में उनकी कीमत बेहद कम दर्ज करती है। इससे पीड़ितों को बीमा और कानूनी प्रक्रिया में नुकसान उठाना पड़ सकता है। सवाल यह है कि आखिर चोरी गई संपत्ति का वास्तविक बाजार मूल्य दर्ज करने में लापरवाही क्यों बरती जाती है इन तीनो मामले मे भी यही सामने आया है जहाँ लाखों कि चोरी और जुमला रकम कम लिखा गया है।

