बिलासपुर। सोमवार सुबह दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया 32 वर्षीय युवक औरापानी जलाशय में डूब गया। साथियों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन गहरे पानी और तेज बहाव के कारण वह देखते ही देखते लापता हो गया। सूचना पर कोटा पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने कई घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया। दोपहर करीब एक बजे युवक का शव जलाशय से बाहर निकाला गया। हादसे के बाद परिजनों और दोस्तों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार नया सरकंडा गली नंबर-4 निवासी ऋषभ देव (32) पिता ओमप्रकाश देव सोमवार सुबह अपने पांच दोस्तों के साथ औरापानी जलाशय पिकनिक मनाने पहुंचे थे। सुबह करीब 6:30 बजे सभी नहाने के लिए जलाशय में उतरे। इसी दौरान ऋषभ गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई और बहाव के चलते वह कुछ ही पलों में आंखों से ओझल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कोटा थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। घंटों चले सर्च ऑपरेशन के बाद दोपहर करीब एक बजे ऋषभ का शव जलाशय से बाहर निकाला गया। शव मिलते ही घटनास्थल पर मौजूद परिजनों और दोस्तों का विलाप सुनकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। सुबह तक साथ घूमने निकले दोस्तों को कुछ ही घंटों बाद अपने साथी को अंतिम विदाई देने की नौबत आ गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बरसात में जलाशयों से रहें दूर
बरसात के दौरान जलाशयों का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है। गहराई का सही अनुमान नहीं लग पाता और कई स्थानों पर तेज बहाव रहता है। ऐसे में पिकनिक के दौरान जलाशयों में नहाना जानलेवा साबित हो सकता है। प्रशासन ने भी लोगों से जलाशयों और बांधों में उतरने से बचने की अपील की है।

