हाईवा चालक हिरासत में, हादसे के कारणों की जांच शुरू
बिलासपुर । मल्हार चौकी क्षेत्र में रविवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार का चिराग बुझा दिया, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। नवोदय विद्यालय के पास सीसीआर कंपनी के हाईवा और दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में यह दर्दनाक हादसा हुआ। पुलिस ने हाईवा चालक को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे हाईवा क्रमांक CG 22 AG 7796 की मोटरसाइकिल CG 22 X 5695 और CG 15 EL 4335 से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बाइक सवार सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों में शैलू मीरी (45), निवासी मुढ़ीपार की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं संतोष भैंना (30), निवासी बूढ़ीखार तथा धनंजय डहरे (26), निवासी मुढ़ीपार का गंभीर हालत में इलाज जारी है।
हादसे को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। कुछ लोगों के अनुसार पहले दोनों बाइक आपस में टकराईं और पीछे से आ रहे हाईवा की चपेट में आ गईं, जबकि अन्य लोगों का कहना है कि हाईवा ने सीधे दोनों मोटरसाइकिलों को टक्कर मारी।
मल्हार पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की हर पहलू से जांच की जा रही है। घायलों के बयान, घटनास्थल के साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर हादसे की असली वजह स्पष्ट होगी। फिलहाल हाईवा और उसके चालक को अभिरक्षा में लेकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

