सिरगिट्टी के वार्ड-11 में हादसा, घर का इकलौता कमाऊ बेटा छिना, हाईटेंशन लाइन के पास निर्माण पर फिर उठे सवाल
बिलासपुर ! सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-11 स्थित शनि मंदिर के पास बुधवार को एक निर्माणाधीन मकान में पुट्टी का कार्य कर रहे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर युवक के 11 केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक छोटू साहू (24) पिता स्वर्गीय तुलाराम साहू, निवासी वार्ड क्रमांक-12 नयापारा सिरगिट्टी, पेशे से पेंटर था। वह वार्ड-11 स्थित शनि मंदिर के समीप मोहनलाल यादव के मकान की पहली मंजिल पर अपने साथी के साथ पुट्टी का काम कर रहा था। उसका साथी झूले पर चढ़कर दीवार पर पुट्टी कर रहा था, जबकि छोटू ऊपर से झूले को संभाल रहा था। इसी दौरान उसके सिर के ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने की आशंका है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर नीचे गिर पड़ा।
घटना के बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना विद्युत विभाग द्वारा सिरगिट्टी पुलिस को दी गई पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
(पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट)
सिरगिट्टी पुलिस के अनुसार मामले में अस्पताल से मेमो प्राप्त हुआ है। प्रथम दृष्टया करंट लगने से मौत की आशंका व्यक्त की जा रही है, लेकिन मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्पष्ट होगा पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
(मां का एकमात्र सहारा भी छिन गया)
इस हादसे ने एक परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया। छोटू साहू अपने पिता की मृत्यु के बाद वृद्ध मां साधमती साहू के साथ रहता था। वह पेंटिंग और पुट्टी का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असमय मौत से वृद्ध मां का इकलौता कमाऊ सहारा भी छिन गया, जिससे पूरे
(मोहल्ले में शोक का माहौल है)
हाईटेंशन लाइन के नीचे निर्माण बना खतरा
सिरगिट्टी के कई इलाकों, विशेषकर नयापारा और आसपास के वार्डों में हाईटेंशन बिजली लाइनों के बेहद करीब बहुमंजिला मकानों का निर्माण किया गया है। कई जगह भवन और 11 केवी लाइन के बीच निर्धारित सुरक्षा दूरी का पालन नहीं किया गया है ऐसे निर्माण कार्य लगातार हादसों को न्योता दे रहे हैं।
(बरसात में बढ़ जाता है खतरा)
बारिश के मौसम में विद्युत दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है। हाल ही में हरदीकला-टोना क्षेत्र में भी करंट लगने से एक महिला की मौत हुई थी। अब सिरगिट्टी में हुई इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा मानकों और निर्माण कार्यों में बरती जा रही लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सी.के. पटकर (एई)
कई स्थानों पर लोग सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर हाईटेंशन लाइन के बेहद करीब मकान बना रहे हैं। कुछ भवनों की ऊंचाई इतनी अधिक है कि वे 11 केवी लाइन के बेहद निकट पहुंच गए हैं ऐसी स्थिति कभी भी जानलेवा हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने लोगों से विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए निर्धारित दूरी बनाए रखने की अपील की।

