बिलासपुर – जिले मे हर त्योहार पर मानो ग्रहण लग गया है एक बार फिर थाना सिरगिट्टी क्षेत्र के तिफरा शनि मंदिर के सामने अज्जू साहू नाम के युवक की लाश मिलने से छेत्र मे सनसनी फैल गई है। इस हत्या की वारदात ने न केवल परिजनों को सदमे में डाल दिया है,बल्कि स्थानीय निवासियों में भी भय और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार अज्जू साहू सब्जी बेचने का काम करता था,की लाश देर रात शनि मंदिर के सामने संदिग्ध हालात में मिली। मृतक के गले पर नुकीली चीज से किए गए हमले के निशान पाए गए है जिससे उसकी हत्या का शक गहरा हो गया है। अज्जू का शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है खासकर उसकी बहन जो लाश से लिपटकर बिलख रही थी। इस हृदय विदारक दृश्य ने वहां उपस्थित लोगों को भी भावुक कर दिया। मृतक के परिजनों ने इस घटना को हत्या करार देते हुए इसकी गहन जांच की मांग की है। उनका कहना है कि अज्जू साहू का किसी के साथ कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं था, फिर भी उसकी इस प्रकार से हत्या कर दी गई। परिवार वालों का यह भी दावा है कि अज्जू के गले पर नुकीली चीज के निशान हत्या की पुष्टि करते हैं। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

हालांकि, शुरुआती जांच में पुलिस ने घटना की पुष्टि नहीं की है कि यह हत्या है या कोई अन्य वजह। पुलिस फिलहाल यह जांच कर रही है कि अज्जू की मौत के पीछे क्या कारण हो सकते हैं। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। अज्जू साहू की मौत के मामले में पुलिस की जांच जारी है और परिजनों को न्याय की उम्मीद है। इस दर्दनाक घटना ने बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के निवासियों के मन में असुरक्षा और भय का माहौल पैदा कर दिया है। अब यह देखना बाकी है कि पुलिस जांच से क्या सच्चाई सामने आती है

