बन्नाक चौक के पास विकसित होगा परिसर,वर्षों पुरानी मांग को मिली प्रशासकीय मंजूरी
– विधायक धरमलाल कौशिक की पहल से प्रस्ताव ने पकड़ी रफ्तार।
– खेल मैदान के लिए स्थानीय पत्रकार ने लगातार बुलंद की आवाज।
बिलासपुर – सिरगिट्टी के खिलाड़ियों और युवाओं के लिए वर्षों से चली आ रही खेल मैदान की मांग अब साकार होने की दिशा में है। राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत लगभग 13 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इसके तहत बन्नाक चौक के पास खेल कॉम्प्लेक्स के साथ व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स विकसित किया जाएगा। लंबे समय से मैदान के अभाव में प्रतिभाओं के पिछड़ने की समस्या को लेकर उठ रही आवाज के बाद मिली यह मंजूरी क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात मानी जा रही है। इस मांग को शासन तक पहुंचाने और उसे मंजूरी दिलाने की प्रक्रिया में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक की पहल अहम कड़ी रही। सेकंड इनिंग क्रिकेट कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने कौशिक से मुलाकात कर सिरगिट्टी में व्यवस्थित खेल सुविधा की आवश्यकता बताई थी। कौशिक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रतिनिधिमंडल की मौजूदगी में उपमुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव से फोन पर चर्चा की। इसके बाद कमेटी के सदस्यों की साव से मुलाकात हुई और प्रस्ताव को शासन स्तर पर आगे बढ़ाने की प्रक्रिया तेज हुई।
(मुख्यमंत्री के समक्ष भी रखी गई थी मांग)
सिरगिट्टी में खेल सुविधा की जरूरत को कमेटी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समक्ष भी रखा था। क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की मौजूदगी और स्थायी मैदान के अभाव की जानकारी शासन तक पहुंचाई गई। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री स्तर पर मांग को महत्व मिलने के बाद प्रस्ताव को आगे बढ़ाने में मदद मिली। स्थानीय खिलाड़ियों का कहना है कि सिरगिट्टी में क्रिकेट के अलावा बॉल बैडमिंटन सहित अन्य खेलों में भी प्रतिभाएं मौजूद हैं। कई खिलाड़ी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं, लेकिन नियमित अभ्यास के लिए उपयुक्त मैदान नहीं होने से उन्हें परेशानी उठानी पड़ती थी। अब प्रस्तावित परिसर बनने से खिलाड़ियों के साथ आसपास के स्कूली बच्चों को भी खेल गतिविधियों के लिए बेहतर मैदान मिल सकेगा।
(क्षेत्रवशियों सहित कमेटी ने मांग रखी )
सेकंड इनिंग क्रिकेट कमेटी की ओर से मनोज दुबे,रामखिलावन साहू,शीतला प्रसाद त्रिपाठी,बबला श्रीवास,गोलू चौहान,पिंटू श्रीवास,शेखर राव,बंटी सोनी,सुदीप रजक, पप्पू कश्यप,राजू पटेल,राजू श्रीवास,श्रवण वर्मा,चीकू यादव,कमलेश प्रसाद,अरविंद प्रसाद,गौरव मिश्रा,दलजीत सिंग,संजय ध्रुव,सहित अन्य सदस्यों ने मांग को आगे बढ़ाने में भूमिका निभाई।
👉बारिश से राहत के लिए भी काम को हरी झंडी)
सिरगिट्टी में खेल परिसर के साथ जलभराव से राहत के लिए भी निर्माण को मंजूरी मिली है। नर्मदा कोल्ड ड्रिंक से पीडब्ल्यूडी कल्वर्ट होते हुए गोकने नाला तक रिटेनिंग वॉल और नाला निर्माण होगा। इससे सिरगिट्टी हाईस्कूल समेत आसपास के निचले इलाकों में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव से राहत मिलने की उम्मीद है।

👉खेल मैदान बच्चों और युवाओं के खेल के साथ उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए भी जरूरी है)
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष बिल्हा विधायक
धरमलाल कौशिक ने कहा कि सिरगिट्टी में एक भी खेल मैदान नहीं था। स्थानीय लोगों व कमेटी ने मेहनत कर गंदगी से पटे स्थान को मैदान का रूप दिया। सरकार ने लोगों की इस पहल को प्राथमिकता देते हुए मैदान के विकास की दिशा में कदम बढ़ाया है। खेल मैदान बच्चों और युवाओं के खेल के साथ उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए भी जरूरी है। मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत बिलासपुर में हो रहे विकास कार्यों में यह भी एक महत्वपूर्ण पहल है।
👉दुबे बोले- प्रतिभाओं को मिलेगा अपना मंच)भाजपा नेता एवं सेकंड इनिंग क्रिकेट कमेटी से जुड़े मनोज दुबे ने कहा कि सिरगिट्टी में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन मैदान के अभाव में खिलाड़ियों को परेशानी होती थी। 13 करोड़ की स्वीकृति से अब युवाओं को बेहतर सुविधाओं के साथ अपना मंच मिलेगा। उन्होंने कहा कि विधायक धरमलाल कौशिक की पहल और उपमुख्यमंत्री अरुण साव के सहयोग से यह मांग पूरी होने की दिशा में आगे बढ़ी है।
यह परियोजना आने वाली पीढ़ी के लिए उपयोगी साबित होगी।

