रेप के आरोप में 15 अगस्त को रायगढ़ से लाया गया था बिलासपुर, मानसिक तनाव में होने की बात; मजिस्ट्रियल जांच शुरू
बिलासपुर! सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब 17 वर्षीय नाबालिग की लाश बाथरूम में फंदे से लटकी मिली। मृतक की पहचान रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ क्षेत्र के ग्राम किरमिडांड निवासी शुभम अघरिया (17) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है। घटना के बाद बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार शुभम पर एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का आरोप था। मामले में रायगढ़ पुलिस ने उसे 14 अगस्त को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया था। बाल न्यायालय के आदेश के बाद 15 अगस्त को उसे रायगढ़ से बिलासपुर के बाल संप्रेक्षण गृह लाया गया था।

👉परिजनों से बाहर निकालने की कर रहा था जिद
पुलिस के अनुसार संप्रेक्षण गृह पहुंचने के बाद से ही शुभम मानसिक तनाव में था। बताया जा रहा है कि वह वहां से बाहर निकलने के लिए अपने परिजनों से जिद कर रहा था। घटना से एक दिन पहले उसने परिजनों से बातचीत भी की थी। परिजन उसकी हरकतों से नाराज बताए जा रहे हैं। हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है।
👉सुबह बाथरूम गया और फिर नहीं लौटा
सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्या के मुताबिक, शुभम रात में खाना खाने के बाद सो गया था। मंगलवार सुबह चौकीदार ने संप्रेक्षण गृह में रह रहे बच्चों को उठाया। इसके बाद शुभम बाथरूम जाने के लिए निकला। कुछ देर बाद बाथरूम में उसका शव फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

👉मजिस्ट्रियल जांच भी शुरू
पुलिस ने बाल संप्रेक्षण गृह के चौकीदार समेत वहां मौजूद अन्य लोगों से पूछताछ की है। घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। नाबालिग की मौत को लेकर मजिस्ट्रियल जांच भी कराई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर किन परिस्थितियों में शुभम ने इतना बड़ा कदम उठाया और संप्रेक्षण गृह में उसकी निगरानी व्यवस्था कैसी थी।
✒️फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच तेज कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मजिस्ट्रियल जांच के बाद ही मौत के कारणों और घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।

