मोबाइल में मिला संदेश, लिखा- भगवान के पास जा रहा हूं, किसी को परेशान न करें; पुलिस जांच में जुटी
बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र के इंटरसिटी होटल में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बंद कमरे के भीतर 23 वर्षीय युवक का शव पंखे से फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाकर शव को कब्जे में लिया। मृतक की पहचान सरकंडा के सीपत रोड निवासी शिवशंकर शर्मा (23) के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शिवशंकर ने शनिवार को होटल में कमरा बुक कराया था। उसने खाने-पीने का सामान भी मंगाया, लेकिन बाद में कमरे से बाहर नहीं निकला। रात का भोजन भी नहीं लिया। रविवार सुबह करीब 11 बजे तक कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर होटल कर्मचारियों को संदेह हुआ। काफी आवाज लगाने के बाद भी जवाब नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा खुलवाया गया तो युवक का शव फंदे पर लटका मिला।

जांच के दौरान पुलिस को युवक के मोबाइल फोन से एक संदेश भी मिला है, जिसमें भगवान के पास जाने की बात लिखे होने की जानकारी सामने आई है। साथ ही किसी भी व्यक्ति को परेशान नहीं करने का अनुरोध किया गया है। पुलिस इस संदेश की तकनीकी जांच के साथ ही युवक के पारिवारिक और व्यक्तिगत पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
तोरवा थाना प्रभारी रजनीश सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में युवक द्वारा किसी को जिम्मेदार ठहराने की बात सामने नहीं आई है। शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

