तोरवा पुलिस ने शुरू की जांच, शिनाख्त के प्रयास जारी
बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र के रेलवे परिक्षेत्र स्थित तितली चौक के पास मंगलवार सुबह एक अज्ञात महिला का अर्धनग्न शव नाले में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंची तोरवा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा महिला की शिनाख्त के लिए सभी थाना क्षेत्रों एवं आसपास के जिलों में उसकी तस्वीर भेजी गई है। साथ ही दर्ज गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान कराया जा रहा है। तोरवा थाना प्रभारी रजनीश सिंह ने बताया कि महिला की पहचान होने के बाद ही मौत के कारणों और घटना की परिस्थितियों का स्पष्ट पता चल सकेगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।

