बिलासपुर…विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान पर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पूर्व ग्रामीण जिला अध्यक्ष और 2023 विधानसभा चुनाव में बेलतरा से कांग्रेस प्रत्याशी रहे विजय केसरवानी का नाम इस बार बिलासपुर की मतदाता सूची में जुड़ने के बजाय गलत तरीके से भिलाई में मैप कर दिया गया है। यह लापरवाही तब सामने आई है जब वे कई दशकों से बिलासपुर में निवासरत हैं और राजनीतिक, सामाजिक व संगठनात्मक जीवन की पूरी यात्रा इसी शहर में रही है।
(वोटर लिस्ट में बिलासपुर,नाम भिलाई में)
विजय केसरवानी का नाम 2003 की मतदाता सूची में भी बिलासपुर में ही दर्ज रहा है। नर्मदा नगर वार्ड क्रमांक 17 में आज भी उनके परिवार के सात से आठ सदस्य स्थानीय वोटर लिस्ट में शामिल हैं, लेकिन स्वयं उनका नाम विशेष पुनरीक्षण के दौरान बिलासपुर की बजाय भिलाई में दर्ज दिखाया जा रहा है। यह विसंगति न केवल प्रशासनिक चूक को उजागर करती है, बल्कि पुनरीक्षण प्रक्रिया की गंभीरता पर भी प्रश्नचिह्न लगाती है।

