छत्तीसगढ़ सक्ती। छत्तीसगढ़ राज्य के सक्ती जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आ रही है। डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघीतराई स्थित पावर प्लांट में सोमवार को अचानक बॉयलर फटने से भीषण हादसा हो गया। इस धमाके की चपेट में आने से 3 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई है जबकि दो दर्जन से ज्यादा कामगार गंभीर रूप से झुलस गए हैं। हादसा इतना भीषण था कि धमाके की आवाज दूर-तक सुनाई दी।बॉयलर फटने के बाद प्लांट परिसर में चीख-पुकार मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सूत्रों ने बताया कि उस वक्त कई मजदूर वहां ड्यूटी पर तैनात थे। घायलों को आनन-फानन में एम्बुलेंस के जरिए पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है,

जहां कई मजदूरों की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही सक्त जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी दल-बल के साथ सिंघीतराई पहुंचे। सूत्रों के अनुसार प्लांट के अंदर राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। मलबे में अभी कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। मृतकों की संख्या बढ़ने का अंदेशा है क्योंकि घायलों में 5-6 मजदूरों की स्थिति क्रिटिकल बताई जा रही है।

