– थाना मस्तूरी के लिमतरा की घटना परिवार वाले सहमे।
बिलासपुर/ मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम गतौरा से रिश्तों को कलंकित करने वाली हैवानियत सामने आई है। यहां एक युवक ने अपने ही 13 वर्षीय भांजे सूर्यांश बरगाह पिता महेश बरगाह, निवासी पहरीपारा लिमतरा पर सुनसान इलाके में चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मारने की कोशिश की। लेकिन मासूम की सूझबूझ और ग्रामीणों की तत्परता ने उसकी जान बचा ली। आरोपी मामा फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश तेज कर दी है।

आरोपी मामा मोटरसाइकिल (सीजी 10 बीबी 0506) पर बैठाकर बच्चे को 4 किमी दूर गतौरा रेलवे बटाही पुल के पास ले गया।वहां पहले बिस्किट और चॉकलेट देकर विश्वास में लिया। अचानक पीछे से मुंह दबाकर गर्दन और शरीर के कई हिस्सों पर चाकू से हमला कर दिया। खून से लथपथ बच्चा जमीन पर गिर पड़ा, लेकिन उसने मरने का नाटक किया। आरोपी मामा उसे मृत समझकर झाड़ियों में फेंककर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों की बहादुरी ग्रामीण रेलवे ट्रैक की ओर जा रहे थे, तभी बच्चे की “बचाओ-बचाओ” की चीख सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर देखा कि बच्चा खून से लथपथ पड़ा है और आरोपी भाग रहा है।लोगों ने पीछा किया लेकिन वह फरार हो गया। तत्परता दिखाते हुए ग्रामीणों ने 112 डायल कर एंबुलेंस बुलाई और बच्चे को अस्पताल पहुंचाया।
मस्तूरी थाना प्रभारी हरीश टांडेकर ने बताया घायल बच्चे को तत्काल सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया है। डॉक्टरों ने फिलहाल उसकी हालत सामान्य बताई है।

