बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र स्थित एनटीपीसी सीपत के उज्ज्वलनगर टाउनशिप में मंगलवार दोपहर एक संविदा श्रमिक का शव पंप हाउस के कमरे में फंदे पर लटका मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सीआईएसएफ और सीपत पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम वेद परसदा निवासी प्रभात कुमार यादव (42) के रूप में हुई है। वह एनटीपीसी सीपत में टीएडी विभाग के अंतर्गत मेसर्स न्यू इंडिया इंजीनियरिंग कंपनी के माध्यम से संविदा श्रमिक के रूप में कार्यरत था। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे संस्कृति क्लब परिसर स्थित पंप हाउस के कमरे में उसका शव फंदे से लटका मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही सीआईएसएफ की टीम मौके पर पहुंची और सीपत पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में शव को नीचे उतारा गया। इस दौरान मृतक के परिजन भी मौके पर मौजूद थे।

एनटीपीसी सीपत के जनसंपर्क अधिकारी प्रवीण रंजन भारती ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस जांच के बाद ही मृत्यु के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
बताया गया कि प्रभात अपनी पत्नी और एक बच्चे के साथ एनटीपीसी के सर्वेट क्वार्टर में रहता था। उसकी पत्नी एनटीपीसी के एक कर्मचारी के घर घरेलू कार्य करती है। पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम बुधवार को कराया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट मिलने की भी चर्चा है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।

